समय न्यूज़ 24 डेस्क - हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर एक अप्रवासी महिला से व्हीलचेयर और सामान के लिए 10 हजार रुपये वसूलने वाले तीन कुलियों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। महिला ने इसकी शिकायत की थी जिसके बाद रेलवे ने कार्रवाई की। कुलियों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और महिला को 90 प्रतिशत राशि वापस कर दी गई है। अप्रवासी महिला का लगेज और व्हीलचेयर से उनके पिता को प्लेटफार्म तक पहुंचाने के एवज में 10 हजार रुपये वसूलने वाले हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के तीनों कुलियों के लाइसेंस रद कर दिया गया। घटना 28 दिसंबर की है। मामला संज्ञान में आने पर बुधवार को दिल्ली मंडल ने कार्रवाई की। स्पष्टीकरण में कुलियों ने भी अतिरिक्त पैसे तुरंत नहीं लौटने को अपनी गलती मानी है। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे के लिए यात्री हित सर्वोपरि है। ऐसी घटनाओं को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली मंडल की ओर से नोटिस जारी कर तीनों कुलियों से स्पष्टीकरण मांगा गया था। दोपहर बाद तीनों ने लाइसेंस पोर्टर इंस्पेक्टर (एलपीआइ) के सामने अपनी गलती स्वीकार की। इसके बाद रिपोर्ट मंडल को भेजी गई। दिल्ली मंडल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका बिल्ला ले लिया। महिला यात्री को 90 प्रतिशत राशि वापस कराई जा चुकी है।